अमेरिका का जीवंत इतिहास

स्मिथसॉनियन राष्ट्रीय अमेरिकी इतिहास संग्रहालय में अनुभव कीजिए अमेरिका के राष्ट्र बनने की यात्रा।

माइकल गलांट

सितम्बर 2019

अमेरिका का जीवंत इतिहास

टिम बर्टन के निर्देशन में बनी सुपरहीरो फ़िल्म ‘‘बैटमैन’’ में इस्तेमाल बैटमोबाइल को नेशनल म्यूज़ियम ऑफ़ अमेरिकन हिस्ट्री में प्रदर्शित किया गया है। फोटोग्राफ: दीपांजली काकाती

इतिहास शायद अतीत में टंके यथार्थ के अलावा कुछ नहीं, लेकिन वॉशिगटन,डी.सी. में स्मिथसॉनियन नेशनल म्यूज़ियम की यात्रा में इसका एक और पहलू नजर आता है।

यहां सैकड़ों साल पुरानी अनमोल कलाकृतियों से लेकर वैज्ञानिक  सफलता की परचम लहराती उपलब्धियां और अमेरिकी लोक संस्कृति के प्रतिष्ठित प्रतीकों से लेकर वैश्विक बदलावों वाले कलात्मक अन्वेषणों का इतिहास मौजूद है। यह म्यूजियम अमेरिकी इतिहास को किसी पुरानी कथा के रूप में नहीं बल्कि हमेशा एक नई दास्तां के रूप में सामने रखता है जो ज्वलंत होने के साथ जीवंत भी है और विकसित भी हो रही है।

म्यूजियम में कम्युनिकेशंस और मार्केटिंग के निदेशक पद की जिम्मेदारी संभाल रही मेलिंडा मचाडो इस दास्तां को बखूबी समझती हैं। वह यहां करीब दो दशक से हैं। इस म्यूजियम के शानदार संग्रह और प्रेरक मकसद के संदर्भ को समझते हुए प्रस्तुत है उनसे साक्षात्कार के कुछ अंश। साथ ही यह भी समझने का प्रयास करेंगे कि भारत से आने वाले सैलानियों के लिए इस जगह पर आना क्यों जरूरी है।

क्या आप हमें इस म्यूज़ियम के बारे में कुछ बताएंगी?

स्मिथसॉनियन इंस्टीट्यूशन संग्रहालयों और शोध केंद्रों का विश्व का विशालतम ठिकाना है, जिसमें प्राणी उद्यान भी शामिल हैं। द नेशनल म्यूजियम ऑफ अमेरिकन हिस्ट्री स्मिथसॉनियन के 19 म्यूजियम में से एक है। यह वॉशिंगटन,डी.सी. में स्मारकों और संग्रहालयों के मध्य स्थित हैं। आपको यहां ‘‘असली दास्तां, असली चीज़ें’’ मिलेंगी। हमारा मकसद अमेरिकी इतिहास की जटिल और पेचीदा दास्तां को बताना है।

इस म्यूजियम में हमने उस दास्तां को खोज निकाला कि हम कैसे ‘‘वी’’ से ‘‘अस’’ बन गए। अमेरिका उन लोगों से मिल कर बना है जो यहां थे, जैसे कि अफ्रीकी गुलाम जिन्हें यहां लाया गया था और वे भी जिन्होंने यहां आने का फैसला किया। इस तरह से यह एक उलझी हुई दास्तां है। आप देख सकते हैं कि किस तरह से अमेरिकी लोकतंत्र का विकास हुआ है और इस विकासक्रम के साथ-साथ उसका कैसे विस्तार हुआ है।

क्या आपको उस समय की कुछ बातें याद हैं, जब आप पहली बार स्मिथसॉनियन और नेशनल म्यूज़ियम ऑफ अमेरिकन हिस्ट्री में घूमने गईं थीं?

जब मेरा परिवार पहली बार स्मिथसॉनियन की सैर पर आया तो हमें भी वहां मौजूद बहुत से दूसरे सैलानियों की तरह इस बात पर अचंभा हुआ कि वहां सिर्फ एक म्यूजियम नहीं था, बल्कि बहुत-से म्यूज़ियम में से हमें चुनाव करना था कि किसे देखें और किसे नहीं। पहली यात्रा में दरअसल हम अमेरिकन हिस्ट्री म्यूज़ियम गए ही नहीं थे, क्योंकि एक बच्चे के रूप में यह हमें एक होमवर्क की तरह से प्रतिध्वनित हो रहा था। और अब जबकि मैं यहां काम कर रही हूं, मैं आपको बता सकती हूं कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। हां आपको यहां अमेरिकी सेना के इतिहास और अमेरिकी लोकतंत्र के इतिहास से जुड़े कला-प्रदर्श देखने को मिलेंगे। लेकिन जब आप पहली मंजिल पर आएंगे तो पहली सबसे बड़ी वस्तु जो आपको देखने को मिलेगी वह है बैटमोबाइल यानी बैटमैन द्वारा ड्राइव की जाने वाली खास कार। एक तरीका जिसके जरिए हम अपने यहां आने वाले सैलानियों को इतिहास के साथ जोड़ने की कोशिश करने में मदद करते हैं वह है, अमेरिका को उसकी लोक संस्कृति के नजरिए से समझाने का प्रयास।

दूसरी और कौनसी प्रदर्शित वस्तुएं हैं जो खासतौर पर आकर्षित करती हैं?

इतिहास की व्याख्या करने में मदद करने का एक और तरीका है, अविष्कार और नवाचार। क्या आपको पता है कि हिप-हॉप की शुरुआत न्यू यॉर्क के पड़ोस में एक जगह ब्रॉंक्स में हुई थी। हमारे यहां आविष्कार प्रदर्शनी स्थल पर आपको ऐसी दास्तां के बारे में जानकारी मिलेगी। आपको वहां एक गतिविधि में भाग लेकर यह पता चल पाएगा कि कैसे डीजे ( डिस्क जॉकीज़ ) अपनी कला में महारथ हासिल करते हैं। ड्रैपर स्पार्क लैब में बच्चों के लिए कई तरह की गतिविधियों केसाथ आइडिया से लेकर अविष्कार करने तक के सारे चरण मौजूद हैं।

यहां आने वाले सैलानियों का एक पसंदीदा कला-प्रदर्श द फर्स्ट लेडीज़ है जहां हिलेरी क्लिंटन, मिशेल ओबामा, और मेलानिया ट्रंप के वे गाउन रखे गए हैं जो उन्होंने अपने पति की राष्ट्रपति के रूप में पारी की शुरुआत के समय पहने थे। सैलानियों को अमेरिकन प्रेसिडेंसी कला-प्रदर्श भी काफी पसंद आता है जहां राष्ट्रीय धरोहरों का संग्रह है। इसमें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का वह टॉप हैट भी रखा है जो उन्होंने उस रात थिएटर जाते वक्त पहना था जिस रात उनकी हत्या कर दी गई। हमने यहां पर वह बैनर भी सहेज कर रखा है, जो वह वास्तविक ध्वज है जिसने उन शब्दों को प्रेरित किया जो अमेरिका का राष्ट्रगीत बना। हमारे यहां रूबी चप्पल भी है जिसे जूडी गारलैंड ने ‘‘द विजर्ड ऑफ ऑज़’’ फिल्म में पहना था।

इस म्यूजियम में कितनी कृतियों का संग्रह है?

हमारे पास करीब 20 लाख वस्तुओं का तो संग्रह है ही, साथ ही हमारे पास अमेरिकी जैज़ संगीतज्ञ ड्यूक एलिंगटन के अप्रकाशित संगीत समेत पुरातात्विक महत्व के इतने कागजात हैं कि उन्हें अगर फैलाया जाए तो वे लंदन से बोस्टन तक पहुंच जाएंगे।

आप इन्हें कैसे व्यवस्थित रखते हैं और कैसे यह तय करते हैं कि क्या प्रदर्शित करना है?

जब कभी भी कोई क्यूरेटर कोई वस्तु यहां लेकर आते हैं, हम तुरंत उस कलाकृति को एक नंबर आवंटित करते हैं और एक फाइल बनाते हैं जिसमें उसकी कैटेलॉग संबंधित सूचनाएं होती हैं जिसमें उल्लेख होता है कि उसे कब और क्यों संग्रहीत किया गया। हमारे स्टाफ के सदस्य जिसमें, क्यूरेटर, शिक्षाविद और डिजाइनर शामिल होते हैं, वे इस बारे में सलाह देते हैं कि किस वस्तु को म्यूजियम में कैसे प्रदर्शित करना है। हम ऐसी प्रमुख वर्षगांठों पर भी निगाह रखते हैं जिन्हें हमें मनाना चाहिए। उदाहरण के लिए द्वितीय विश्व युद्ध में मित्र देशों की जीत की इस साल 75वीं वर्षगांठ है। इसलिए हमने सैन्य इतिहास से संबंधित प्रदर्शनी स्थल पर इस दिन के उपलक्ष में एक छोटी प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसके अलावा, लोग अपने कंप्यूटिंग उपकरणों से किस तरह से संवाद स्थापित कर रहे हैं, इस बारे में भी हम एक छोटी सी प्रदर्शनी का आयोजन करने की तैयारी कर रहे हैं।

जब नए सैलानी म्यूजियम में आते हैं तो उन्हें सबसे ज्यादा अचंभा किस बात पर होता है?

वह यह है कि हम इतिहास की दास्तां को क्रमबद्ध तरीके से नहीं बताते जैसा कि आपने स्कूलों में पढ़ा होगा। उदाहरण के लिए, अमेरिकी राष्ट्रपतियों से संबंधित प्रदर्शनी में एक टाइमलाइन है जिसमें जॉर्ज वॉशिंगटन से लेकर डोनाल्ड ट्रंप तक का उल्लेख है। लेकिन प्रदर्शनी में अमेरिकी राष्ट्रपति जिस तरह की भूमिकाओं में होते हैं उसी समय उनका भी उल्लेख होता है जैसे कि, राष्ट्रपति एक राजनीतिक दल के नेता के रूप में, सेना के कमांडर इन चीफ होने के नाते और शीर्ष राजनयिक एवं व्हाइट हाउस के प्राइमरी रेज़िडेंट होने के नाते। उस प्रदर्शनी में मेरी सबसे पसंदीदा चीज़ है राष्ट्रपति वॉरेन हार्डिंग का सिल्क का पायजामा।

माइकल गलांट, गलांट म्यूज़िक के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। वह न्यू यॉर्क सिटी में रहते हैं।



टिप्पणियाँ

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *