अमेरिका के राष्ट्रीय ऐतिहासिक स्थल

सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों को राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सरकार की ओर से फंडिग उपलब्ध है। यहां बताया गया है कि ऐतिहासिक स्थल कैसे निर्धारित किए जाते हैं।

नोलानी किर्श्नर

मार्च 2022

अमेरिका के राष्ट्रीय ऐतिहासिक स्थल

मिशिगन में लेक ह्यूरान में मैकिनैक आइलैंड पर मार्केट स्ट्रीट बिल्डिंग।  (© डेविड आर. फ्रेज़ियर फोटोलाइब्रेरी, इंक/अलामी 

 

अमेरिका, कुछ दूसरे देशों की तरह उतना पुराना नहीं है, लेकिन यहां बहुत-से ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण सांस्कृतिक स्थल हैं। नेशनल हिस्टॉरिक लैंडमार्क प्रोग्राम की मदद से उन्हें भविष्य की पीढियों के आनंद के लिए संरक्षित करने में सहायता दी जाती है। अमेरिकी नेशनल पार्क सर्विस (एनपीएस) के अनुसार, प्रत्येक राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क अमेरिकी इतिहास और संस्कृति के असाधारण आयाम का प्रतिनिधित्व करता है।

ऐतिहासिक लैंडमार्क एक भवन, स्थल, ढांचा, कोई वस्तु या जिला कुछ भी हो सकता है। अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ़ द इंटीरियर राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क के बारे में फैसला लेने के लिए अधिकृत होते हैं। 1960 से लगातार एनपीएस ने राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क स्थलों के संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी संभाली है। न्यूयॉर्क का एरी कैनाल सिस्टम और मिशीगन में मैकिनेक आइलैंड उन पहले लैंडमार्क में शामिल थे जिन्हें सबसे पहले उसी वर्ष राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क घोषित किया गया था।

एरी कैनाल का चुनाव 19वीं सदी में पूर्वी तट पर औद्योगिक उपलब्धि के एक प्रमुख उदाहरण के रूप में किया गया, जबकि 19वीं सदी से ही एक ग्रीष्म बस्ती की पहचान रखने वाले मैकिनेक आइलैंड में आज की तारीख में भी कारें चलने की इजाजत नहीं है।

न्यू यॉर्क में अल्बानी के निकट एरी कैनाल, लॉक नंबर 2, वाटरॅफ़ॉर्ड।  (© इयान डैगनाल कॉमर्सियल कलेक्शन/अलामी 

राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क बनने की संभावना वाले स्थलों का चयन एनपीएस अमेरिका के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थानों के बीच एक सालाना सर्वे के जरिए करता है। एनपीएस और उसका विशेष सलाहकार बोर्ड जब यह फैसला कर लेते हैं कि किस स्थल को नामांकित करना है, तब वे आंतरिक मामलों के मंत्री को अंतिम निर्णय के लिए नामों की वह सूची सौंप देते हैं।

अगर स्थल निजी संपत्ति है तो उसका मालिक यह फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है कि वह राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क बनाने को स्वीकार या अस्वीकार कर सके।

अमेरिका में 2600 से ज्यादा राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क  स्थल हैं और संघीय सरकार उनमें से 400 के करीब स्थलों का संरक्षण करती है। मोटे अनुमान के तौर पर 85 प्रतिशत ऐसे स्थलों का संरक्षण निजी लोगों, संगठनों, निगमों, आदिवासी इकाइयों या राज्य और स्थानीय सरकारों के हाथ में है। किसीकिसी स्थान का संरक्षण संयुक्त रूप से भी किया जाता है।

अगर किसी राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क का स्वामित्व किसी निजी इकाई के पास है तो भी संघीय सरकार उसके संरक्षण के लिए फंड उपलब्ध करा सकती है। राष्ट्रीय ऐतिहासिक स्थल संरक्षण कानून 1966 के तहत संघीय सरकार उस ऐतिहासिक स्थल के स्वामी को उस संपत्ति के रखरखाव के लिए लाइसेंस और ग्रांट उपलब्ध करा सकती है।

संघीय फंडिंग मिलने की स्थिति में वह संपत्ति संघीय कानूनों और नियमों के तहत जाती हैं और उसके स्वरूप में ऐसी किसी भी तरह की छेड़छाड़ पर पाबंदी लग जाती है जो उसकी पहचान को खराब करे। अगर उस संपत्ति का मालिक कोई संघीय फंडिग नहीं लेता तो उस तरह की बंदिशें नहीं लागू होतीं हालांकि, स्थानीय और राज्य के कानून उस स्थिति में भी लागू होते हैं।

रसियन हिल पर हाइड स्ट्रीट केशिखर सैन फ्रांसिस्को केबल कार। © एंडी म्याट/अलामी

सभी ऐतिहासिक लैंडमार्क भवन या ढांचे नहीं हैं। सैन फ्रांसिस्को की केबल कार एक ऐतिहासिक लैंडमार्क है जिस पर कोई भी सवारी कर सकता है। सैन फ्रांसिस्को शहर के पास उसका स्वामित्व है लेकिन 1980 में उसके पुनर्निर्माण के लिए संघीय, राज्य और स्थानीय सभी सरकारों ने मिल कर हाथ बंटाया।

अगर किसी राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क को किसी भी तरह की संघीय फंडिग नहीं मिलती है और उस पर कोई स्थानीय या राज्य कानून लागू नहीं होते, तो भी एनपीएस उस संपत्ति की जांच कर यह सुनिश्चित कर सकता है कि वह अभी भी अपनी जगह पर कायम है और वह अभी जर्जर नहीं हुई है।

संपत्ति के संरक्षण के लिए एनपीएस अपनी तरफ से सुझाव दे सकता है लेकिन संपत्ति के स्वामी के लिए उसे मानने की कोई कानूनी बाध्यता नहीं है बशर्ते उसे संघीय फंडिग नहीं मिल रही हो। ग्रांट के रूप में मिली संघीय फंडिंग से राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क के रखरखाव में सहायता मिल सकती है जो उसे जीर्णशीर्ण होने से रोकने में मदद करती है और इससे उसके ध्वस्त होने की आशंका कम हो जाती है।

न्यू यॉर्क सिटी में ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन के ऐतिहासिक मुख्य टर्मिनल को लगभग गिरा दिया गया था। © पॉल ब्राउन/अलामी

हालांकि, राष्ट्रीय ऐतिहासिक लैंडमार्क घोषित होने के बाद भी किसी भवन को उस शहर के कानून के तहत ध्वस्त किया जा सकता है। न्यू यॉर्क सिटी का ग्रैंड सेंट्रल टर्मिनल, 1970 के दशक में उस समय ध्वस्त किए जाने के  कगार पर पहुंच ही चुका था जब संघीय और राज्य, दोनों ही सरकारों से पूर्व फ़र्स्ट लेडी जैक्लिन केनेडी ने इसे बचाने की सफल अपील की। आज की तारीख में, पर्यटक और यात्री इस ऐतिहासिक टर्मिनल को देखने सकते हैं और यह अगले वर्ष 2023 में 100 वर्ष पुराना हो जाएगा।

आलेख सौजन्य: शेयरअमेरिका    



टिप्पणियाँ

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *